भगवत रावत का जन्म 13 सितंबर 1939 को हुआ था। वह एक प्रगतिशील कवि एवं निबन्ध लेखक थे। भगवत रावत की आंतरिक कविता संसार बहुत विस्तृत था और जब वे अपनी कविता में उसे व्यक्त करते थे जाने कैसे इतने सहज हो जाते थे। किसी भी स्थिति में सहज बने रहना संभवत: बेहद कठिन काम होता है। समाज की अमानवीय स्थितियों के प्रति विरोध और क्रोध भगवत रावत की कविता में अपने समय की नब्ज को पकड़ने की तरह आता है। वे अपने अंतस की वेदना को एक तरह के गहरे आत्मविश्वास के साथ शब्द देते थे, इसीलिए उनके शब्दों का मर्म छूता था। अपनी कविता के माध्यम से जिस संसार की रचना वे करते थे, वह हमें अपने ही इर्द-गिर्द फैला हुआ लगता था सिर्फ हमारी दृष्टि बदल जाती थी या कहें कि उसका विस्तार हो जाता था और कविता के उन अनाम पात्रों के साथ हमारा संवाद सहज हो जाता था।
उनकी प्रमुख रचनाएं हैं-
समुद्र के बारे में (1977), दी हुई दुनिया (1981), हुआ किस इस तरह (1988), सुनो हीरामन (1992), सच पूछो तो (1996), बिथा-कथा (1997)।
उन्हें दुष्यन्त कुमार पुरस्कार (1979), वागीश्वरी पुरस्कार (1989), मध्यप्रदेश शासन द्वारा साहित्य का शिखर-सम्मान (1997-98) से सम्मानित किया गया।